Wednesday, May 13, 2026
Google search engine
Homeराज्य समाचारउत्तराखण्डदेहरादून में सॉफ्टवेयर इंजीनियर का अपहरण कर लूटपाट, नदी में फेंका

देहरादून में सॉफ्टवेयर इंजीनियर का अपहरण कर लूटपाट, नदी में फेंका

देहरादून में सॉफ्टवेयर इंजीनियर का अपहरण कर लूटपाट, नदी में फेंका; पूरी रात जिंदगी से जूझता रहा युवक

देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ अपहरण, लूट और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। स्कूटी सवार दो बदमाशों ने युवक को सहस्रधारा क्रॉसिंग से जबरन अपने साथ ले जाकर लूटपाट की और बाद में जामुनवाला पुल से नीचे नदी में फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल युवक पूरी रात पत्थरों के बीच पड़ा रहा। सुबह स्थानीय लोगों की सूचना पर आर्मी जवानों ने उसका रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार कांवली रोड निवासी आकाश कुमार (23) आईटी पार्क स्थित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। गुरुवार रात ड्यूटी खत्म होने के बाद वह सहस्रधारा क्रॉसिंग पर घर जाने के लिए ऑनलाइन बाइक बुक कर रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक वहां पहुंचे और उसे जबरन अपने साथ ले गए।

बताया जा रहा है कि आरोपी युवक को घंटाघर, बिंदाल पुल और गढ़ी कैंट होते हुए जामुनवाला पुल तक ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई और बैग, दो मोबाइल फोन तथा पर्स में रखे करीब 700 रुपये लूट लिए गए। इसके बाद बदमाशों ने उसे पुल से नीचे नदी में धक्का दे दिया।

नदी में गिरने से युवक की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। घायल हालत में वह पूरी रात नदी किनारे पड़ा रहा। शुक्रवार सुबह आसपास के लोगों ने उसकी आवाज सुनकर पास में मौजूद सेना के जवानों को सूचना दी। जवानों ने मौके पर पहुंचकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस की मदद से दून अस्पताल में भर्ती कराया।

पीड़ित के पिता विनोद कुमार की शिकायत पर प्रेमनगर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

प्रेमनगर थाना पुलिस के अनुसार युवक फिलहाल मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह सामान्य नहीं है, इसलिए घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular