Monday, May 25, 2026
Google search engine
Homeराज्य समाचारउत्तराखण्डहरिद्वार रिश्वत कांड:20 हजार लेते पकड़े गए खण्ड शिक्षा अधिकारी निलम्बित।

हरिद्वार रिश्वत कांड:20 हजार लेते पकड़े गए खण्ड शिक्षा अधिकारी निलम्बित।

देहरादून: हरिद्वार जनपद के बहादराबाद विकासखण्ड में रिश्वत लेते हुए विजिलेंस टीम द्वारा रंगेहाथ गिरफ्तार किए गए खण्ड शिक्षा अधिकारी बृजपाल सिंह राठौड़ पर शासन ने कड़ा एक्शन लिया है। उत्तराखण्ड सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली 2003 के तहत विभागीय कार्यवाही करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है।
आरोपी अधिकारी के निलम्बन प्रस्ताव को विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्वीकृति प्रदान की। साथ ही बहादराबाद खण्ड शिक्षा अधिकारी का प्रभार राजकीय इंटर कॉलेज, गैंडीखाता के प्रधानाचार्य को सौंप दिया गया है, जिससे शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हों।
प्रकरण के अनुसार, विजिलेंस टीम ने खण्ड शिक्षा अधिकारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। विजिलेंस की कार्रवाई एवं विभागीय जांच के आधार पर शासन स्तर से निलम्बन की कार्यवाही की गई।
विद्यालयी शिक्षा विभाग में अनुशासनहीनता एवं भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर सरकार सख्त रुख अपनाए हुए है। शासन ने स्पष्ट किया है कि विभाग की छवि धूमिल करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
बयान
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार, अनियमितता और अनुशासनहीनता के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे कृत्यों में संलिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को किसी भी स्थिति में संरक्षण नहीं दिया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों में कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular