Wednesday, August 5, 2026
Google search engine
Homeराज्य समाचारउत्तराखण्ड₹5 हजार के शक में दोस्त बना कातिल, बेरहमी से हत्या कर...

₹5 हजार के शक में दोस्त बना कातिल, बेरहमी से हत्या कर निर्माणाधीन मकान के पास फेंका शव

रुद्रपुर पुलिस ने 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर किया हत्याकांड का खुलासा, हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट बरामद

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में यह मामला हत्या का निकला, जिसमें मृतक के करीबी दोस्त को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार महज 5 हजार रुपये चोरी करने के शक में आरोपी ने अपने दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि 31 जुलाई को शिवनगर क्षेत्र स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पास अज्ञात युवक का शव मिला था। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर जांच शुरू की।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान मृतक की पहचान ट्रांजिट कैंप निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी। जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन अनिल अपने तीन साथियों के साथ शराब पी रहा था। बाद में दो साथी वहां से चले गए, जबकि अनिल अपने दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का के साथ रह गया।

पुलिस के मुताबिक, सुनील अनिल को बहाने से शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया, जहां दोनों ने दोबारा शराब पी। इसी दौरान आरोपी ने पहले लकड़ी की फट्टी और ईंट से हमला कर अनिल को गंभीर रूप से घायल किया, फिर रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे संदेह था कि अनिल ने उसके 5 हजार रुपये चोरी कर लिए थे, इसी शक में उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट भी बरामद कर ली है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular