Wednesday, May 27, 2026
Google search engine
Homeराज्य समाचारउत्तराखण्डCM धामी का कड़ा रुख: सरकारी जमीन से हटेगा अतिक्रमण, भू-कानून उल्लंघन...

CM धामी का कड़ा रुख: सरकारी जमीन से हटेगा अतिक्रमण, भू-कानून उल्लंघन पर सख्त एक्शन

देहरादून:

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा से सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम सभाओं में स्थित सरकारी भूमि की भी जांच की जाए और राज्य में भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी भू कानून का उल्लंघन पाया जाए, वहां त्वरित सुनवाई कर संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए।

सीएम धामी ने राज्य में शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि वक्फ संपत्तियों का ब्यौरा उम्मीद पोर्टल पर दर्ज किए जाने की नियमित समीक्षा की जाए और इसकी लगातार जांच भी सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच करने तथा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को चिन्हित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने जन सेवा केंद्रों की जांच कर अवैध राशन कार्ड के माध्यम से सरकारी सुविधाओं का लाभ ले रहे अपात्र लोगों को चिन्हित करने को कहा। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए वेरिफिकेशन ड्राइव में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

आगामी मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में मानसून पूर्व समीक्षा बैठक आयोजित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। आंतरिक क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत समयबद्ध ढंग से पूरी करने तथा ग्रीष्मकालीन मौसम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनाए रखने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां कहीं भी पानी की समस्या या तकनीकी दिक्कत हो, उसे प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में अनावश्यक बिजली कटौती किसी भी स्थिति में न हो और यदि किसी कारणवश बिजली कटौती करनी पड़े तो उसकी सूचना समय रहते आम जनता तक पहुंचाई जाए।

चारधाम यात्रा की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यात्रा की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर आने वाले श्रद्धालुओं से लगातार फीडबैक लिया जाए और सुझावों एवं शिकायतों के आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए। साथ ही यात्रा मार्गों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था एवं ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने मानसखंड यात्रा के तहत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य को आगामी माह तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कृषि एवं उद्यान विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि पॉली हाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन जैसी योजनाओं को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि वास्तविक रूप से किसानों तक उनका लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्य किए जाएं।

सीएम धामी ने कहा कि कृषि और बागवानी के क्षेत्र में परिणाम आधारित कार्य संस्कृति अपनाने की आवश्यकता है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का लक्ष्य पूरा किया जा सके। उन्होंने पिछले वर्ष आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने और जोशीमठ में जारी कार्यों की नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular