सीएम का नाम लेकर जमीन बेचने का दबाव? रुद्रपुर में किसानों ने उद्योगपति पर लगाए गंभीर आरोप
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में कृषि भूमि को लेकर किसानों और एक उद्योगपति के बीच विवाद गहराता जा रहा है। लांबाखेड़ा गांव के किसानों ने एक उद्योगपति पर उनकी पुश्तैनी कृषि भूमि बेचने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। किसानों का दावा है कि संबंधित व्यक्ति मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपना बिजनेस पार्टनर बताकर प्रभाव का हवाला दे रहा है।
मामले को लेकर बड़ी संख्या में किसान रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे और क्षेत्राधिकारी विभव सैनी तथा उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट को शिकायती पत्र सौंपा। किसानों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
किसानों के अनुसार, लांबाखेड़ा क्षेत्र में उनकी कृषि भूमि के पास एक औद्योगिक प्लांट स्थापित किया जा रहा है। आरोप है कि प्लांट निर्माण के बाद उद्योगपति आसपास की जमीन खरीदने का प्रयास कर रहा है और भूमि बेचने के लिए किसानों पर मानसिक दबाव बनाया जा रहा है।
किसान दौलत बठला ने आरोप लगाया कि उनसे लगातार खेत बेचने के लिए कहा जा रहा है, जबकि वह अपनी पुश्तैनी जमीन बेचने के इच्छुक नहीं हैं। वहीं किसान सोमनाथ बठला का कहना है कि भूमि न बेचने पर उन्हें प्रशासनिक और अन्य परेशानियों का सामना करने की चेतावनी दी जा रही है।
एक अन्य किसान राकेश बठला ने आरोप लगाया कि जमीन बेचने से इनकार करने पर खेतों तक पहुंचने वाले सरकारी रास्ते को बंद करने की कोशिश की जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि रास्ता बंद हुआ तो खेती-किसानी प्रभावित होगी और उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट ने कहा कि किसानों की ओर से दिए गए दस्तावेज प्राप्त कर लिए गए हैं और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जाएगी। वहीं क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने बताया कि शिकायत के सभी पहलुओं की जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल प्रशासन ने मामले को संवेदनशील बताते हुए निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

