Wednesday, April 15, 2026
Google search engine
Homeराज्य समाचारउत्तराखण्डहेली सेवा से जुड़ा पंतनगर, नौकुचियाताल के लिए पहली उड़ान रवाना

हेली सेवा से जुड़ा पंतनगर, नौकुचियाताल के लिए पहली उड़ान रवाना

रुद्रपुर:

उत्तराखंड में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. ‘उड़ान’ योजना के तहत पंतनगर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू हो गई हैं. विधायक शिव अरोरा और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने पहली हेली सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया.

उत्तराखंड के पंतनगर और रुद्रपुर क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है. केंद्र सरकार की ‘उड़ान’ योजना के तहत पवन हंस कंपनी द्वारा पंतनगर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर सेवाओं का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है. इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने पंतनगर एयरपोर्ट से नौकुचियाताल (भीमताल) के लिए पहली हेलीकॉप्टर सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और नारियल फोड़कर शुभारंभ किया.

इस नई सेवा के शुरू होने से कुमाऊं क्षेत्र में पर्यटन और यातायात को एक नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. कार्यक्रम के दौरान विधायक शिव अरोरा ने कहा कि, यह पहल न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि पहाड़ी क्षेत्रों के विकास के लिए भी एक क्रांतिकारी कदम साबित होगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में देहरादून, अल्मोड़ा, नैनीताल और पंतनगर जैसे महत्वपूर्ण स्थानों को हेली सेवा से जोड़ा जा रहा है.

वहीं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि, यह हेली सेवा देहरादून, नौकुचियाताल और अल्मोड़ा को जोड़ने का काम करेगी. उन्होंने बताया कि इस सेवा के शुरू होने से लोगों का समय बचेगा और यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक हो जाएगी.

जिलाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि, पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है और इसके विस्तार का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा. उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के विस्तार के बाद यह नोएडा के जेवर एयरपोर्ट और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से भी जुड़ जाएगा, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का लाभ भी मिल सकेगा. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विकसित होने से क्षेत्र के औद्योगिक संस्थानों को भी बड़ा फायदा होगा और निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular