Wednesday, May 13, 2026
Google search engine
Homeराज्य समाचारउत्तराखण्ड50 घंटे से टंकी पर डटे नर्सिंग अभ्यर्थी, डीजी हेल्थ की वार्ता...

50 घंटे से टंकी पर डटे नर्सिंग अभ्यर्थी, डीजी हेल्थ की वार्ता बेनतीजा; ज्योति रौतेला का अनशन जारी

देहरादून:

वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर नर्सिंग एकता मंच का आंदोलन मंगलवार को और उग्र हो गया। परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़ीं महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। घटना के बाद गुस्साए नर्सिंग अभ्यर्थियों ने सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी की।

जानकारी के अनुसार नर्सिंग अभ्यर्थी पिछले 26 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं। वहीं महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला पिछले करीब 50 घंटों से नर्सिंग अभ्यर्थियों के समर्थन में पानी की टंकी पर डटी हुई हैं। ज्योति रौतेला का कहना है कि उन्होंने सोमवार सुबह 5 बजे से अन्न-जल त्याग रखा है।

मंगलवार सुबह टंकी पर पेट्रोल छिड़कने की सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह और एसपी सिटी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे। हालांकि इससे पहले ही प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने दून क्लब के सामने सड़क जाम कर दी और देर रात तक सरकार के खिलाफ प्रदर्शन जारी रखा।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए राज्य सरकार की ओर से डीजी हेल्थ डॉ. सुनीता टम्टा अधिकारियों के साथ धरना स्थल पहुंचीं। उन्होंने नर्सिंग एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष नवल पुंडीर और अन्य प्रतिनिधियों से वार्ता की, लेकिन बातचीत किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी।

नवल पुंडीर ने बताया कि डीजी हेल्थ ने उनकी मांगों को सकारात्मक बताया है और संबंधित प्रस्ताव स्वास्थ्य मंत्री को भेजने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि यदि 13 मई तक सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

फिलहाल पानी की टंकी पर ज्योति रौतेला समेत कविता, आनंद, विनोद और धर्मेंद्र मौजूद हैं। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने देर रात प्रदर्शनकारी महिलाओं और अन्य संगठनों से जुड़े लोगों को सड़क से हटाया, लेकिन परेड ग्राउंड परिसर में धरना पूरी रात जारी रहा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular