Sunday, May 17, 2026
Google search engine
Homeराज्य समाचारउत्तराखण्डदेहरादून में हवाला नेटवर्क का बड़ा खुलासा, स्कॉर्पियो के सीक्रेट केबिन से...

देहरादून में हवाला नेटवर्क का बड़ा खुलासा, स्कॉर्पियो के सीक्रेट केबिन से 1.55 करोड़ कैश बरामद

देहरादून:

राजधानी देहरादून में हवाला कारोबार से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। कैंट पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक स्कॉर्पियो एन कार से 1.55 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। खास बात यह रही कि इतनी बड़ी रकम वाहन में बनाए गए सीक्रेट केबिन में छिपाकर रखी गई थी। मामले में गुजरात के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि आयकर विभाग भी जांच में जुट गया है।

जानकारी के अनुसार कैंट पुलिस राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र में सिरमौर मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर MH12XT 3245 नंबर की स्कॉर्पियो एन कार को रोका गया। वाहन चालक और सवारों से पूछताछ के दौरान पुलिस को संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर चालक ने वाहन में बड़ी मात्रा में नकदी होने की बात स्वीकार की और बताया कि रकम कार के सीक्रेट केबिन में छिपाई गई है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ आयकर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें सीक्रेट केबिन से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। देर रात तक नोटों की गिनती चलती रही और शुरुआती गणना में कुल रकम करीब 1.55 करोड़ रुपये निकली।

पुलिस पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम सतीश भाई निवासी मेहसाणा गुजरात बताया। उसके साथ पकड़े गए अन्य दो लोगों की पहचान ठाकुर जसवंत संघ बनाजी निवासी पाटन गुजरात और सचिन पटेल निवासी विसनगर गुजरात के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से बरामद रकम से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।

प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि नकदी बनारस से लाई गई थी और इसे जसवंत नामक व्यक्ति को सौंपा जाना था। हालांकि अंतिम रूप से यह रकम किसे पहुंचाई जानी थी, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस को आशंका है कि यह मामला बड़े हवाला नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।

जांच के दौरान पुलिस को डालनवाला क्षेत्र में एक संदिग्ध कार्यालय की जानकारी भी मिली है, जहां तलाशी अभियान चलाया गया। सूत्रों के मुताबिक कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और रकम के स्रोत की जांच कर रही है।

पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को सीज कर दिया है। साथ ही कार से एक कैश गिनने की मशीन भी बरामद हुई है। आयकर विभाग बरामद नकदी को अपने कब्जे में लेने की प्रक्रिया पूरी कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कई अहम खुलासे कर सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular