Monday, July 6, 2026
Google search engine
Homeराज्य समाचारउत्तराखण्डधामी सरकार के पांच साल पर कांग्रेस का हमला, गणेश गोदियाल बोले—...

धामी सरकार के पांच साल पर कांग्रेस का हमला, गणेश गोदियाल बोले— “जनता नहीं, हाईकमान की पसंद से बने मुख्यमंत्री”

बढ़ते कर्ज, बेरोजगारी, महंगाई और अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर सरकार से मांगा जवाब

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्यसेवक के रूप में पांच वर्ष पूरे होने पर जहां भारतीय जनता पार्टी उपलब्धियों का जश्न मना रही है, वहीं प्रदेश कांग्रेस ने सरकार के कार्यकाल पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे जनविरोधी और दिशाहीन करार दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रेस वार्ता में सरकार की नीतियों और कार्यशैली की आलोचना करते हुए कई मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा।

गणेश गोदियाल ने कहा कि कोई भी सरकार केवल विज्ञापनों और प्रचार के आधार पर इतिहास में स्थान नहीं बना सकती। उन्होंने कहा कि इतिहास में वही सरकार याद रखी जाती है, जिसने जनता के हित में ठोस और प्रभावी कार्य किए हों। उन्होंने मुख्यमंत्री पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे जनता द्वारा निर्वाचित नहीं, बल्कि पार्टी हाईकमान की पसंद से मुख्यमंत्री बने हैं।

आर्थिक स्थिति पर सरकार को घेरा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य की आर्थिक स्थिति को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 में कांग्रेस सरकार के समय प्रदेश पर लगभग 40 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, जो वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में बढ़कर एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। उनका आरोप था कि सरकार नए राजस्व स्रोत विकसित करने में विफल रही है और विकास केवल कागजों तथा प्रचार अभियानों तक सीमित रह गया है।

बेरोजगारी और महंगाई को बताया बड़ा मुद्दा

गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उनका आरोप था कि विधानसभा चुनाव नजदीक आने के कारण भाजपा सरकार विकास के वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाकर ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है।

सरकार में आंतरिक असंतोष का भी किया जिक्र

उन्होंने भाजपा के भीतर बढ़ रहे कथित असंतोष का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार और संगठन में पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है, जबकि कांग्रेस पृष्ठभूमि से आए नेताओं का प्रभाव अधिक दिखाई दे रहा है। इससे भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है।

अंकिता भंडारी प्रकरण पर उठाए सवाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मामले में सीबीआई जांच की वर्तमान स्थिति अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कथित वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई न होने से जनता के मन में कई सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस ने सरकार से इस मामले में पारदर्शिता बरतते हुए जांच की स्थिति स्पष्ट करने और जनता के सामने तथ्य रखने की मांग की है।

प्रदेश कांग्रेस ने कहा कि सरकार को प्रचार के बजाय विकास, रोजगार, आर्थिक सुधार और कानून व्यवस्था जैसे मूल मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए तथा जनता से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular