Sunday, June 28, 2026
Google search engine
Homeराज्य समाचारउत्तराखण्डहेमकुंड यात्रा के दौरान पार्किंग विवाद में गिरफ्तार आरोपितों को जमानत, जांच...

हेमकुंड यात्रा के दौरान पार्किंग विवाद में गिरफ्तार आरोपितों को जमानत, जांच जारी

चमोली। हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान कर्णप्रयाग क्षेत्र में वाहन पार्किंग को लेकर स्थानीय लोगों और कुछ श्रद्धालुओं के बीच हुए विवाद के मामले में गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायालय से जमानत मिल गई है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच और न्यायिक प्रक्रिया नियमानुसार जारी रहेगी।

जानकारी के अनुसार, पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया था, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आई थीं। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया था।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर संबंधित आरोपितों को गिरफ्तार किया।

घटना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही नगरासू गुरुद्वारा से जुड़े विवाद का भी आपसी संवाद के माध्यम से शांतिपूर्ण समाधान कराया गया, जिससे हेमकुंड साहिब यात्रा और अन्य धार्मिक गतिविधियां बिना किसी बाधा के संचालित होती रहीं।

शनिवार को न्यायालय ने मामले में गिरफ्तार सभी आरोपितों को जमानत प्रदान कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जमानत मिलने के बावजूद मामले की विवेचना जारी रहेगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ निष्पक्ष और समान रूप से कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और हेमकुंड साहिब यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular