Monday, June 22, 2026
Google search engine
Homeराज्य समाचारउत्तराखण्डपौड़ी मंडल मुख्यालय में अब अधिकारियों की उपस्थिति होगी अनिवार्य, मंडलायुक्त ने...

पौड़ी मंडल मुख्यालय में अब अधिकारियों की उपस्थिति होगी अनिवार्य, मंडलायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून/पौड़ी। गढ़वाल मंडल मुख्यालय पौड़ी में वर्षों से अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर उठते रहे सवालों के बीच प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाया है। गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने स्पष्ट किया है कि पौड़ी मंडल मुख्यालय को केवल नाम मात्र का केंद्र नहीं रहने दिया जाएगा और सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।

पौड़ी में मंडल स्तर के कई महत्वपूर्ण कार्यालय मौजूद हैं, लेकिन लंबे समय से अधिकांश प्रशासनिक गतिविधियां देहरादून से संचालित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इससे स्थानीय लोगों को अपने कामों के लिए देहरादून और पौड़ी के बीच भटकना पड़ता था।

पूर्णकालिक मंडलायुक्त का पदभार संभालने के बाद आनंद स्वरूप ने स्वयं पौड़ी स्थित मंडल मुख्यालय में नियमित बैठने का निर्णय लिया है। साथ ही उन्होंने मंडल स्तर के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने निर्धारित मुख्यालय में मौजूद रहने के निर्देश जारी किए हैं।

नई व्यवस्था के तहत अब कोई भी अधिकारी बिना सूचना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा। मुख्यालय से बाहर जाने से पहले संबंधित अधिकारी को इसकी जानकारी देनी होगी और आवश्यकता पड़ने पर अनुमति भी लेनी होगी। जिन अधिकारियों के पास अतिरिक्त प्रभार हैं, उन्हें भी यह तय करना होगा कि वे किन दिनों में पौड़ी स्थित कार्यालय में उपलब्ध रहेंगे।

जनता को पहले से मिलेगी अधिकारियों की जानकारी

प्रशासन की ओर से अधिकारियों की उपलब्धता की जानकारी सार्वजनिक करने की भी तैयारी की जा रही है। इससे आम लोगों को यह पता चल सकेगा कि किस दिन कौन अधिकारी पौड़ी स्थित कार्यालय में मौजूद रहेगा और उन्हें अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों का लंबे समय से कहना रहा है कि मंडल मुख्यालय होने के बावजूद पौड़ी को उसका वास्तविक प्रशासनिक महत्व नहीं मिल पा रहा था। ऐसे में मंडलायुक्त की यह पहल पौड़ी में प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ाने और जनता को बेहतर सुविधा देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

मंडलायुक्त कार्यालय ने संकेत दिए हैं कि जारी निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और अधिकारियों की उपस्थिति की नियमित निगरानी की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular